पटना न्यूज डेस्क: पटना नगर निगम ने स्वच्छता और सतत विकास के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। निगम की अभिनव पहल “पिंक इनोवेशन” को इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन रेजिलिएंट सिस्टम्स 2026 में प्रस्तुतीकरण के लिए चयनित किया गया है। यह सम्मेलन मार्च 2026 में नीदरलैंड्स के डेल्फ्ट में आयोजित होगा, जहां भारत का प्रतिनिधित्व पटना नगर निगम करेगा। यह चयन इस बात का प्रमाण है कि स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में निगम की पहल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा जा रहा है।
नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने बताया कि पटना नगर निगम की यह पहल अब देश के अन्य शहरी निकायों के लिए भी एक आदर्श मॉडल बन रही है। पिंक इनोवेशन के तहत कई अनोखे प्रोजेक्ट शुरू किए गए हैं, जिनमें महिलाओं की गरिमा और सुविधा को प्राथमिकता दी गई है। इस योजना के अंतर्गत पिंक टॉयलेट्स के रूप में मोबाइल वाहनों को चेंजिंग रूम और शौचालय में परिवर्तित किया गया है। नगर क्षेत्र में वर्तमान में आठ पिंक टॉयलेट्स (चार मोबाइल, दो स्थायी और दो लू कैफे) संचालित हैं, जिससे महिलाओं को सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छ और सुरक्षित सुविधा मिल रही है।
इसके अलावा, पिंक एमआरएफ (Material Recovery Facility) केंद्रों के माध्यम से महिलाओं की सहभागिता को बढ़ावा दिया गया है। ये केंद्र न केवल अपशिष्ट पृथक्करण में मदद करते हैं बल्कि महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता का अवसर भी प्रदान करते हैं। यह पहल स्वच्छ भारत मिशन-अर्बन 2.0 के तहत सतत स्वच्छता और वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध हो रही है।
नगर आयुक्त मीणा ने कहा कि यह उपलब्धि पटना नगर निगम के लिए गर्व की बात है। “पिंक इनोवेशन” ने न केवल स्वच्छता की दिशा में बदलाव लाया है, बल्कि महिला सशक्तीकरण और सतत विकास की भावना को भी मजबूती दी है। उन्होंने कहा कि डेल्फ्ट में भारत का प्रतिनिधित्व करना एक सम्मान और प्रेरणा का अवसर है, जो आने वाले समय में और बेहतर कार्यों की दिशा तय करेगा।